महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी पीपीई किट में अवॉर्ड लेने पहुंचीं

नई दिल्ली(लाइवभारत24)। नेशनल स्पोर्ट्स-डे के मौके पर शनिवार को खिलाड़ियों और कोच को अवॉर्ड दिए गए। कोरोना के कारण पहली बार अवॉर्ड सेरेमनी राष्ट्रपति भवन में न होकर वर्चुअल तरीके से हुई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अलग-अलग 7 कैटेगरी में 74 खिलाड़ियों और कोच को पुरस्कार दिया। वर्चुअल अवॉर्ड सेरेमनी में 74 की बजाय 60 खिलाड़ी और कोच ही शामिल हुए। खेल मंत्रालय के प्रोटोकॉल के तहत हर खिलाड़ी और कोच को अवॉर्ड सेरेमनी के वेन्यू पर पहुंचने से पहले कोरोना टेस्ट कराना था। खेल रत्न के लिए चुनीं गईं महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल पीपीई किट पहनकर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बेंगलुरु सेंटर में अवॉर्ड लेने पहुंचीं।
पहली बार एक साथ पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न दिया गया। इसमें से दो खिलाड़ी रोहित शर्मा और रेसलर विनेश फोगाट सेरेमनी में शामिल नहीं हुए। विनेश की एक दिन पहले ही कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जबकि रोहित आईपीएल के लिए यूएई में हैं। इसके अलावा टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा, 2016 के पैरालिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मरिप्पन थंगावेलु साई सेंटर से अवॉर्ड सेरेमनी में जुड़े। इसके अलावा 27 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड दिए गए।
इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि आप सबने यह सिद्ध किया है कि इच्छा, लगन और मेहनत के बल पर सभी बाधाओं को दूर किया जा सकता है। यही खेल-कूद की सबसे बड़ी विशेषता है, यही अच्छे खिलाड़ी का आदर्श है। आज का यह पुरस्कार समारोह, कड़ी मेहनत और समर्पण से प्राप्त की गई आप सबकी सफलता का उत्सव है। उन्होंने आगे कहा कि आप सबने वर्षों की मेहनत, लगन और साहस के बल पर अपनी खास पहचान बनाई है। कोविड का यह दौर आप सबके तथा अन्य खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के साहस और धीरज के इम्तिहान की घड़ी है।
खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि खिलाडी हमारी राष्ट्रीय संपत्ति है, मैं सभी नागरिको से ये अनुरोध करता हूं कि सभी खिलाडियों का प्रोत्साहन करें। मैं सभी खिलाडियों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं।
79 साल के एथलेटिक्स कोच पुरुषोत्तम राय को भी लाइफटाइम कैटेगरी में द्रोणाचार्य अवॉर्ड मिला। उनकी एक दिन पहले ही दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। उन्होंने शुक्रवार शाम को नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड की ड्रेस रिहर्सल में हिस्सा लिया था। इसके बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

इससे पहले, 2016 में एक साथ 4 खिलाड़ियों को यह अवॉर्ड मिला था। तब रियो ओलिंपिक में सिल्वर जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, महिला रेसलिंग में ब्रॉन्ज जीतने वाली साक्षी मलिक को यह सम्मान मिला था। इनके अलावा जिमनास्ट दीपा कर्माकर और शूटर जीतू को भी देश का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार मिला था। 2009 में 3 खिलाड़ियों बॉक्सर एमसी मैरीकॉम, विजेंदर सिंह और सुशील कुमार को खेल रत्न दिया गया था।
पांच मौकों पर दो खिलाड़ियों को खेल रत्न मिला है। सबसे पहले 1997 में वेटलिफ्टर कुंजरानी देवी और टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस को यह अवॉर्ड मिला था। 6 साल बाद 2003 में शूटर अंजली भागवत और एथलीट के. बीनामोल को देश का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार मिला।

2012 में निशानेबाज विजय कुमार और योगेश्वर दत्त यह सम्मान हासिल करने वाले खिलाड़ी बने। इसके 5 साल बाद फिर से दो खिलाड़ियों देवेंद्र झाझरिया और सरदार सिंह खेल रत्न चुने गए। पिछले साल पैरा एथलीट दीपा मलिक और रेसलर बजरंग पूनिया इस अवॉर्ड से सम्मानित हुए।

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार की शुरुआत 1991 में हुई थी और सबसे पहला अवॉर्ड चेस खिलाड़ी विश्वनाथ आनंद को मिला था। तब से लेकर अब तक 38 खिलाड़ी यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। इसमें रोहित शर्मा चौथे क्रिकेटर हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर(1997), महेंद्र सिंह धोनी (2007) और विराट कोहली(2018) में यह अवॉर्ड हासिल कर चुके हैं।

2012 में केंद्र सरकार ने 29 अगस्त को खेल दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया था। इस दिन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन होता है। वे 29 अगस्त 1905 को इलाहाबाद में पैदा हुए थे।

1 कमेंट

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें