नई दिल्ली(लाइवभारत24)। देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 4 लाख के पार हो गई। सिर्फ 9 दिन में संक्रमितों का आंकड़ा 3 से 4 लाख हो गया। देश में 11 जून को 2 लाख 98 हजार 289 मरीज थे, जो आज बढ़कर 4 लाख 566 हो गए। मरीजों की संख्या के मामले में भारत दुनिया में चौथे स्थान पर है। पहले पायदान पर अमेरिका है। यहां 22 लाख 98 हजार 108 मरीज हैं, जबकि ब्राजील (10,38,568) और रूस (5,76,952) दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। इधर, दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल ने सभी कोरोना मरीजों को 5 दिन क्वारैंटाइन सेंटर में रखने का फैसला वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि अब उन्हीं मरीजों को क्वारैंटाइन सेंटर में रखा जाएगा, जिन्हें क्लीनिकल असेसमेंट के बाद अस्पताल में भर्ती कराने लायक नहीं पाया जाएगा। जिन मरीजों में हल्के लक्षण होंगे, वे पहले की तरह घर में आइसोलेट हो सकेंगे। एक दिन पहले ही उप राज्यपाल ने सभी मरीजों को क्वारैंटाइन सेंटर में रखने का आदेश जारी किया था। इसके खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दाखिल हुई थी।
इधर, देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 4 लाख 566 हो गई। तमिलनाडु में 2396, राजस्थान में 158, मध्यप्रदेश में 142 मरीज मिले। यह आंकड़े Covid19.org और राज्य सरकार से मिली जानकारी के आधार पर हैं।
तमिलनाडु में एक दिन में सबसे ज्यादा 2396 कोरोना मरीज मिले, जबकि 38 लोगों की मौत हुई। यह लगातार चौथा दिन था, जब राज्य में 2 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले।इसके साथ ही राज्य में इस वायरस से जान गंवाने वालों की संख्या 708 हुई। दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या 50 हजार के पार चली गई। शुक्रवार को राजधानी में रिकॉर्ड 3137 मरीज बढ़े, जबकि 66 की मौत हुई। इसके साथ राजधानी में मौतें भी 2035 हो गई हैं।यह एक दिन में मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। मध्यप्रदेश के भोपाल में शनिवार को 48 मामले मिले। इनमें भाजपा के विधायक ओमप्रकाश सकलेचा भी शामिल। राजधानी में अब संक्रमितों की संख्या 2505 हो गई। इनमें से 1700 से मरीज ठीक हो चुके हैं। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 4246 हो गई। इनमें से 3149 स्वस्थ हुए हैं।महाराष्ट्र के मुंबई पुलिस के पीआरओ प्रणय अशोक ने बताया कि मुंबई में शुक्रवार को एक पुलिसकर्मी की संक्रमण से मौत हुई। इसके साथ मुंबई पुलिस में अब तक 31 जवान दम तोड़ चुके हैं। उधर, राज्य में संक्रमण से अब तक 2349 पुलिसकर्मी जान गंवा चुके हैं।उत्तरप्रदेश में मुरादाबाद जिले में शनिवार को 8 मरीज मिले। वहीं, महिला समेत दो मरीजों की मौत हुई। इसके साथ, संक्रमितों का आंकड़ा 171 हो गया। लखनऊ में 20, जालौन में 3, और फर्रूखाबाद में चार मरीज मिले। संतकबीरनगर में 14, हरदोई में 8, रामपुर में 9 संक्रमित मिले। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को राज्य में 14048 सैंपल की जांच की गई। अब तक कुल 5 लाख 42 हजार 972 टेस्ट किए जा चुके हैं।

1 कमेंट

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें