राज्यसभा सांसद अमर सिंह का सिंगापुर में निधन 

नई दिल्ली(लाइवभारत24)। सिंगापुर में पूर्व समाजवादी नेता और राज्यसभा सांसद अमर सिंह का 64 साल की उम्र में निधन हो गया। वे छह महीने से सिंगापुर के एक अस्पताल में किडनी का इलाज करा रहे थे। उन्होंने आज दोपहर आखिरी सांस ली। राजनाथ ने कहा- उनकी सभी दलों के नेताओं से दोस्ती थी अमर सिंह समाजवादी पार्टी के महासचिव रहे। पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के काफी करीबी थे। हालांकि, 2010 में उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्हें पार्टी से भी बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद 2016 में वे समाजवादी पार्टी से फिर जुड़ गए और राज्यसभा के लिए चुने गए। इस दौरान यादव परिवार में कलह के बाद उन्हें अखिलेश यादव ने 2017 में फिर से पार्टी से निकाल दिया था।
अमर सिंह ने 2011 में राष्ट्रीय लोक मंच बनाया था। 2012 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की 403 सीटों में से 360 पर अपने उम्मीदवार खड़े किए। हालांकि, उनकी पार्टी ने इन चुनावों में एक भी सीट नहीं जीती। वे मार्च 2014 में राष्ट्रीय लोकदल पार्टी में शामिल हुए, उस साल फतेहपुर सीकरी से आम चुनाव लड़े और हार गए। अमर सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 27 जनवरी 1956 में हुआ। उन्होंने बीए, एलएलबी की थी। वे उद्योगपति से राजनेता बने थे। अमिताभ बच्चन के परिवार से भी अमर के बेहद करीबी रिश्ते रहे। पिछले कुछ सालों में इन रिश्तों में खटास जरूर आई थी। इस साल फरवरी में अमर ने एक वीडियो जारी करके अमिताभ से माफी भी मांगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!