फुटबॉल वर्ल्ड कप में हार पर बेल्जियम में दंगे

वर्ल्ड की नंबर-2 टीम हारी तो फैंस ने गाड़ियां फूंकी
दोहा (लाइवभारत24)। कतर में चल रहे फुटबॉल वर्ल्ड कप में मोरक्को से 2-0 से हारने के बाद बेल्जियम में दंगे भड़क गए। फैंस ने राजधानी ब्रसेल्स में जमकर तोड़फोड़ की और गाड़ियां फूंकीं।

पुलिस को गुस्साए फैंस को संभालने के लिए आंसू गैस और पानी की बौछार करनी पड़ी। एक पुलिसकर्मी ने बताया कि 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। कुछ फैंस हाथों में मोरेक्को के झंडे लेकर तोड़फोड़ कर रहे थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने कार और कुछ इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आग लगा दी। कई जगहों पर दंगे हुए।

हिंसा भड़कने के बाद ब्रसेल्स के मेयर फिलिप क्लोज ने लोगों से शहरों में जमा नहीं होने की अपील की है। क्लोज ने कहा- ‘पुलिस अधिकारी सड़कों पर व्यवस्था बनाए रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मेट्रो और यातायात को भी कुछ देर तक रोकना पड़ा है। वे प्रशंसक नहीं हैं, वे दंगाई हैं।’वहीं, आंतरिक मंत्री एनेलीज वेरलिंडेन ने कहा- ‘यह देखना दुखद है कि किस तरह से मुट्ठी भर लोग स्थिति को खराब कर रहे हैं।’

ब्रसेल्स पुलिस की प्रवक्ता इल्से वैन डे कीरे ने कहा- ‘कई दंगाई सड़कों पर उतर आए और कारों, ई-स्कूटरों में आग लगा दी तथा गाड़ियों पर पथराव किया। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
मोरक्को की जीत के बाद ब्रसेल्स में मोरक्को मूल के कुछ समर्थक जश्न मनाने लगे थे। जिसके बाद बेल्जियम के समर्थकों से उनकी झड़प हो गई। यहीं से हिंसा भड़की और दंगे में बदल गई। यहां बता दें कि बेल्जियम मोरक्को मूल के लगभग 5,00,000 लोगों का घर है।

बेल्जियम में भड़की हिंसा का असर पड़ोसी देश नीदरलैंड में भी देखने को मिला। वहां की पुलिस ने कहा- ‘रॉटरडैम में हिंसा भड़क उठी और दंगा रोधी अधिकारियों ने करीब 500 लोगों के फुटबॉल समर्थक समूह को रोकने का प्रयास किया। जिन्होंने पुलिस पर पथराव किया और आगजनी तथा तोड़फोड़ की। घटना में दो पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं।’

रविवार देर शाम कई शहरों से अशांति की सूचना मिली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देश की राजधानी एम्सटर्डम और द हेग में अशांति का माहौल है।
दुनिया की दूसरे नंबर की टीम बेल्जियम रविवार को मुकाबले में एक भी गोल नहीं कर सकी। उसे 22वें नंबर की टीम मोरक्को ने 2-0 से हराया। मैच सब्स्टिट्यूशन में आए खिलाड़ियों के नाम रहा। 69वें मिनट में पिच पर आए अब्देलहामिद सबीरी ने 73वें मिनट में गोल स्कोर किया। वहीं, 73वें मिनट में आए जकारिया अबोउबखल ने स्टॉपेज टाइम में गोल दागा। बेल्जियम गोल का खाता खोलने में नाकाम रही।
इस हार के बाद भी बेल्जियम के नॉकआउट राउंड में प्रवेश करने की उम्मीदें बाकी हैं। टीम एक जीत और एक हार के बाद ग्रुप F के दूसरे स्थान पर है। उसके खाते में तीन अंक हैं। ऐसे में उसके पास अपना आखिरी मुकाबला जीतकर नॉकआउट दौर में जाने का मौका है। टीम का आखिरी मुकाबला एक दिसंबर को क्रोएशिया से होगा।

One thought on “फुटबॉल वर्ल्ड कप में हार पर बेल्जियम में दंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!