सुशांत केस में सीबीआई जांच के 12वें दिन रिया के मां-पिता से पूछताछ

मुंबई(लाइव भारत24)। सुशांत केस में सीबीआई जांच के 12वें दिन रिया की मां संध्या चक्रवर्ती और पिता इंद्रजीत से सीबीआई पहली बार पूछताछ कर रही है। मुंबई पुलिस के एस्कॉर्ट में दोनों सीबीआई ऑफिस पहुंचे। जरूरत पड़ने पर रिया को लगातार 5वें दिन सवाल-जवाब के लिए बुलाया जा सकता है। आज सुशांत के घर काम करने वालों, रिया और उनके भाई शोविक को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ हो सकती है। उधर, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज फिर गौरव आर्य को पूछताछ के लिए बुलाया है। गौरव और रिया की वॉट्सऐप चैट में ड्रग्स की बात सामने आने के बाद ईडी इस मामले की जांच कर रही है। ईडी ने इस केस में एक और शख्स कुणाल जानी को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। रिया के वॉट्सऐप चैट में कुणाल का नाम सामने आया था। सीबीआई ने सोमवार को रिया के साथ उनके भाई शोविक से पूछताछ की। दोनों से आईपीएस नूपुर शर्मा ने आमने-सामने बैठकर सवाल-जवाब किए थे। इनके अलावा सुशांत की पूर्व मैनेजर श्रुति मोदी, कुक नीरज सिंह और सीए रजत मेवाती से भी पूछताछ हुई। सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को रिया के ड्रग्स चैट और घर पर होने वाली पार्टी को लेकर सवाल किए गए, जिनका वे सही जवाब नहीं दे सकीं। दूसरी ओर रिया ने मीडियाकर्मियों पर उनकी बिल्डिंग में जमावड़ा लगाने का आरोप लगाया है। एक्ट्रेस ने पुलिस से इसकी शिकायत की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!