सेंसेक्स ने पहली बार 48 हजार के स्तर को छुआ

मुंबई (लाइवभारत24)। देश में दो कोरोना वैक्सीन को मिली मंजूरी की खबर से 2021 के पहले कारोबारी हफ्ते की शुरुआत धमाकेदार हुई। आज सेंसेक्स ने खुलते ही पहली बार 48 हजार के पार किया। इसके अलावा लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी रिकॉर्ड 190 लाख करोड़ रुपए के पार कर गया। हालांकि बाजार में शुरुआती कारोबार के बाद BSE सेंसेक्स 72 अंकों की गिरावट के साथ 47,796.02 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स की गिरावट को बजाज फाइनेंस, रिलायंस, HDFC, इंडसइंड बैंक और भारती एयरटेल के शेयर लीड कर रहे हैं। बाजार में हल्की बिकवाली के चलते BSE में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 189.81 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है। सोमवार को एक्सचेंज पर 2,947 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हो रहा है, जिसमें से 1,691 शेयर यानी 57% शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर निफ्टी भी 4.60 अंकों की हल्की गिरावट के साथ 14,013.90 पर कारोबार कर रहा है। हालांकि इंडेक्स 14,114 तक भी छुआ। टाटा स्टील और हिंडाल्को के शेयरों में 3-3% की बढ़त दर्ज की जा रही है। इसके अलावा टाटा मोटर्स, आयशर मोटर और गेल के शेयर भी 2-2% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। NSE पर तेजी को मेटल शेयर लीड कर रहे हैं। निफ्टी मेटल इंडेक्स में 2.43% की बढ़त है, जबकि निफ्टी बैंक इंडेक्स गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। निफ्टी इंडेक्स में HDFC बैंक और कोटक बैंक के शेयर 1-1% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसके अलावा हीरो मोटोकॉर्प के शेयर भी 1.42% नीचे 3,058.60 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा है।
आज एशियाई बाजारों में हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 145 अंकों (0.53%) की बढ़त के साथ 27,376 पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 26 अंक ऊपर 3,499 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, जापान का निक्केई इंडेक्स 201 अंक (0.73%) नीचे 27,243 पर कारोबार कर रहा है।

एक जनवरी को सेंसेक्स 117.65 अंक ऊपर 47,868.98 पर बंद हुआ था। क्लोजिंग के लिहाज से इंडेक्स का यह हाइएस्ट लेवल है। इंडेक्स में एसबीआई, इंफोसिस, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, रिलायंस और टीसीएस के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए थे। बीएसई पर 3,170 कंपनियों के शेयरों में खरीदारी हुई थी, जिसमें से 64% शेयर बढ़त के साथ बंद हुए थे। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 189.27 लाख करोड़ रुपए रहा। दूसरी ओर निफ्टी पहली बार 14,018.50 पर बंद हुआ था। इंडेक्स में अदाणी पोर्ट का शेयर 4.39% ऊपर 505 रुपए के भाव पर बंद हुआ था।

One thought on “सेंसेक्स ने पहली बार 48 हजार के स्तर को छुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!