हैण्ड वाश डे मनाकर बताया हाथ धोने का महत्व

लखनऊ(लाइवभारत24)।“विश्व हैण्ड वाश डे” गुरूवार को सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर मनाया गया – यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेन्द्र दुबे ने दी |उन्होंने बताया – ए. एन.एम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्यों ने समुदाय में 10 घरों का समूह बनाकर हाथ धोने का प्रदर्शन किया |
डीपीओ ने बताया- संक्रमण फैलने का मुख्य कारण हाथों का गन्दा होना है | जानलेवा बीमारी फैलाने वाले रोगाणुओं के संक्रमण को रोकने के लिए हाथ की सफाई बेहद महत्वपूर्ण है | आज कोरोना के दौर में यह और ज्यादा महत्वपूर्ण है | कोविड-19 महामारी को फैलने से रोकनेके लिए 40 सेकेण्ड तक साबुन एवं पानी से हाथ की धुलाई, मास्क पहनना एवं सामाजिक दूरी बनाए रखना महत्वपूर्ण है |
सरोजिनी नगर के सदरौना क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता ने बताया – हमने 8-10 महिलाओं और किशोरियों के समूह के साथ में हाथ धोने की सही प्रक्रिया का प्रदर्शन कर बताया – हमें सबसे पहले सीधे हाथ में साबुन लगाकर रगड़ना, फिर उसके बाद उलटे हाथ,फिर अंगूठा, उसके बाद मुट्ठी , फिर नाखून और सबसे अंत में कलाई को धोना चाहिए | हमने उन सभी को यह भी बताया – हाथ धोना बहुत जरूरी है क्योंकि बहुत सी बीमारियों का कारण हाथ का गंदा होना होता है | शौच के बाद, भोजन बनाने, परोसने और करने से पहले और बाद में, कचरा साफ करने के बाद, छींकने और खांसने के बाद, पशुओं को छूने के बाद, बच्चों का मल साफ़ करने के बाद हाथ जरूर धोना चाहिए | आज कल कोरोना का संक्रमण है इसलिए बार बार छूई जाने वाली जगहों, सार्वजानिक स्थानों पर सतहों को छूने के बाद, घर से बाहर जाने से पहले और घर वापस आने के बाद हाथों को अवश्य धोना चाहिये | साथ ही यदि आपने पैसे का लेन-देन किया है, मास्क को हटाया है या किसी बीमार व्यक्ति की सेवा की है तो इसके बाद अपने हाथों को 40 सेकेण्ड तक साबुन और पानी से अवश्य धोएं | इसके आलावा मास्क लगाना और 2 गज की सामाजिक दूरी को न भूलें | सरोजिनी नगर ब्लाक की बाल विकास परियोजना अधिकारी कामिनी श्रीवास्तव ने बताया- बहुत सी बीमारियां सुरक्षित पानी और स्वच्छता के अभाव से जुड़ी हुयी हैं | छोटे बच्चों में अतिसार, पीलिया, मियादी बुखार जैसी बीमारियाँ सफाई सम्बन्धी मुद्दों से जुड़ी हैं | इसलिए हाथों की सफाई बेहद महत्वपूर्ण है |

One thought on “हैण्ड वाश डे मनाकर बताया हाथ धोने का महत्व

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!