नई दिल्ली (लाइव भारत 24)। एक्टिव मरीजों का आंकड़ा देश में 20 लाख के करीब पहुंच गया है। आज शाम तक ये 20 लाख से भी ज्यादा हो जाएगा। एक्टिव मरीज वो हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है, बाकी या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उनकी मौत हो गई है। दूसरी ओर भारत में कोरोना की चपेट में आने वालों का आंकड़ा भी रविवार को डेढ़ करोड़ के पार हो गया। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 57 हजार 767 लोग संक्रमित हो चुके हैं। थोड़ी राहत की बात ये है कि इनमें 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 848 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 78 हजार 793 हो गई है। इस तरह से अभी 19 लाख 23 हजार 877 एक्टिव केस यानी ऐसे मरीज जिनका अभी इलाज चल रहा है। एक्टिव केस का ये आंकड़ा अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है।

24 घंटे में 2.74 लाख नए मरीज मिले
देश में बिगड़ते हालात का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि हर दिन कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा नया रिकॉर्ड बना रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 2 लाख 74 हजार 944 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस बीच, 1 लाख 43 हजार 701 लोग रिकवर हुए, जबकि 1620 मरीजों ने दम तोड़ दिया। अब हर 10 लाख की आबादी में 11 हजार लोग संक्रमित मिल रहे हैं, जबकि 129 लोग जान गंवा रहे हैं।

दिल्ली में आज से 26 अप्रैल तक लॉकडाउन
देश की राजधानी दिल्ली में आज रात 10 बजे से 26 अप्रैल की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ हुई बैठक के बाद इसका ऐलान कर दिया।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली में चौथी लहर आई है। तीसरी लहर में रोजाना साढ़े आठ हजार मामले आ रहे थे। दुनिया के कई बड़े शहरों में छह हजार मामलों में हेल्थ सिस्टम चरमरा गया था। अब चौथी लहर में दिल्ली में रोजाना 25 हजार केस आ रहे हैं तो हमारा हेल्थ सिस्टम तनाव में आ गया है। यह अपनी सीमा पर पहुंच गया है। इसके बाद कठोर कदम नहीं उठाए गए तो सिस्टम चरमरा जाएगा। कल एक अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो गई। वहां बड़ा हादसा होते-होते बचा।’’ रविवार को कोरोना के 79.25% मामले देश के 10 राज्यों बढ़े। इनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 68,631, उत्तर प्रदेश में 30,566, दिल्ली में 25,462, कर्नाटक में 19,067, केरल में 18,257, छत्तीसगढ़ में 12,345, मध्यप्रदेश में 12,248, तमिलनाडु में 10,723, राजस्थान में 10,514 और गुजरात में 10,340 केस मिले। इन्हीं राज्यों में सबसे ज्यादा लोगों की मौतें भी हुई हैं। महाराष्ट्र में 503 लोगों ने दम तोड़ दिया। दिल्ली में 161 और उत्तर प्रदेश में 127 मौतें दर्ज की गईं।

ICMR के डायरेक्टर जनरल (DG) डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि कोरोना की इस लहर में ऑक्सीजन की मांग ज्यादा बढ़ी है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि पहले फेज और इस फेज में कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़ों में कोई अंतर नहीं आया है। डॉ. भार्गव ने बताया कि गंभीर और ज्यादा समस्याओं वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसके चलते अस्पतालों में ज्यादा भीड़ है।

राजस्थान सरकार कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 3 मई तक प्रदेश भर में लॉकडाउन रखने का फैसला किया है। 15 दिन तक वीकेंड कर्फ्यू वाली बंदिशें बरकरार रहेंगी। गृह विभाग ने रविवार देर रात 3 मई तक के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी हैं।

केंद्र सरकार ने राज्यों को एक निर्देश जारी किया है। हेल्थ मिनिस्ट्री ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि नाइट कर्फ्यू, लॉकडाउन और अन्य पाबंदियों के बीच वैक्सीनेशन प्रभावित नहीं होना चाहिए। वैक्सीनेशन से जुड़ लोगों के सेंटर तक पहुंचाने में किसी भी तरह की दिक्कत न हों राज्य सरकारें इसका ध्यान रखें।

बिहार में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। इसके साथ ही स्कूल, सिनेमा हॉल और धार्मिक स्थलों को 15 मई तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। दूसरे राज्यों से हर दिन हजारों लोग बिहार लौट रहे हैं। इससे रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ हो रही है। इससे भी संक्रमण का खतरा है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अप्रैल के अंत में होने वाली JEE मेन 2021 परीक्षा टाल दी है। परीक्षा के दो सेशन फरवरी और मार्च में आयोजित किए जा चुके हैं। कोरोना की दूसरी लहर के बीच स्टूडेंट्स और पेरेंट्स की मांग की वजह से एजेंसी ने 10 दिन पहले परीक्षा स्‍थगित कर दी। परीक्षाएं 27 से 30 अप्रैल तक आयोजित की जानी थी। एग्‍जाम की नई डेट्स फिलहाल तय नहीं हैं, लेकिन इसका ऐलान परीक्षा से 15 दिन पहले कर दिया जाएगा।

दिल्ली में कोरोना के हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के लगभग साढ़े 25 हजार केस आए हैं।​ चिंता की बात है कि पिछले 24 घंटे में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर करीब 30% हो गई है। मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि कोरोना के बेड बहुत तेजी से खत्म हो रहे हैं, ICU बेड की काफी कमी हो गई है। पूरी दिल्ली में 100 से भी कम ICU बेड बचे हैं। ऑक्सीजन की भी काफी कमी है। हम लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में हैं और हमें केंद्र सरकार से मदद मिल रही है।

दिल्ली सरकार ने हरिद्वार कुंभ में शामिल होने वाले लोगों के लिए टेस्ट, ट्रेसिंग और आइसोलेशन को अनिवार्यता से लागू करने के आदेश दिए हैं। इसके तहत 4 अप्रैल के बाद हरिद्वार कुंभ से लौटने वाले लोगों को 14 दिन होम क्वारैंटाइन होना पड़ेगा।

1 कमेंट

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें