राम मंदिर की जो लोग तारीख पूछते थे, अब मजबूरी में ताली बजा रहे : मोदी

पटना (लाइवभारत24)।  बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को चुनावी रैली की। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू हो चुका है। जो लोग कभी इसकी तारीख पूछते थे, अब वे भी तालियां बजा रहे हैं। मोदी आज मुजफ्फरपुर और पटना में भी रैली करेंगे। इसमें वे 35 सीटें कवर करेंगे। मिथिला के महान लेखक विद्यापति जी ने सीता मैया से प्रार्थना की थी। आज देखें तो बीते 15 वर्षों में नीतीश जी के नेतृत्व में बहुत आगे बढ़ा है। माता सीता आज अपने नैहर को निहार रही होंगी। सदियों की तपस्या के बाद अब अयोध्या में भव्य निर्माण शुरू हो गया है। वो सियासी लोग जो बार-बार तारीख पूछा करते थे, बहुत मजबूरी में अब वो भी तालियां बजा रहे हैं। माता सीता के इस क्षेत्र में आकर मैं यहां के लोगों के लोगों को राम मंदिर निर्माण की बधाई देता हूं, क्योंकि आप उसके प्रमुख हकदार हैं। भाजपा और एनडीए की पहचान यही है कि जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं।
आज किसान के खाते में एक लाख करोड़ रुपए की मदद जमा कराई जा चुकी है। करीब 40 करोड़ लोगों का खाता खुल चुका है। हमने कहा था कि हर गरीब बेटी के घर में मुफ्त गैस कनेक्शन पहुंचाएंगे, हमने बिहार की करीब 90 लाख बेटियों को धुएं से मुक्त किया है। हमने मुफ्त इलाज का वादा किया था, आज बिहार के भी हर गरीब को यह सुविधा मिल रही है।

कोरोना के संकट में कहा था कि हर गरीब को मुफ्त में अनाज देंगे, यह भी हो रहा है। दुनिया को अचरज हो रहा है कि इतनी बड़ी व्यवस्था हम इतने बड़े संकटकाल में कर पाए। छठ पूजा तक मुफ्त राशन की व्यवस्था की है।
इस क्षेत्र में पानी से होने वाली बीमारियों की दिक्कत हमेशा से रही है। इसका समाधान है कि हर घर में पीने का शुद्ध पानी पहुंचे। मैं दरभंगा और मधुबनी की ही बात करूं तो यहां 11 लाख से ज्यादा घरों को पाइप कनेक्शन से जोड़ा गया है। जल्द ही बिहार देश के उन राज्यों में होगा, जहां पीने का पानी पाइप से ही पहुंचेगा। किसी मां को अपना लाल, अपनी लाड़ली को खोना नहीं पड़ेगा। एनडीए का यही ट्रेंड बिहार को आश्वस्त करने वाला है।
आत्मनिर्भर बिहार में उद्योग में नए अवसर बनेंगे। युवाओं के लिए रोजगार-स्वरोजगार लाएंगे। गरीबों के लिए जो 10% आरक्षण की व्यवस्था की गई है, उसका लाभ भी इस क्षेत्र के गरीबों को मिल रहा है। मिथिलांचल की कनेक्टिविटी को पीएम पैकेज से भी बहुत ताकत मिल रही है। इससे यहां हजारों किलोमीटर की सड़कों का काम हुआ है। 55 हजार करोड़ से भी अधिक बिहार के रोड़ नेटवर्क पर खर्च किए जा रहे हैं।
पहले की सरकारों का मंत्र था- पैसा हजम, परियोजना खत्म। उन्हें कमीशन शब्द से इतना प्रेम था कि कनेक्टिविटी पर कभी ध्यान ही नहीं दिया। कोसी सेतु के साथ क्या हुआ, मैं बहुत अच्छे से जानता हूं। केंद्र में एनडीए के सरकार बनने के बाद और यहां नीतीश जी का सहयोग मिलने के कारण इस सेतु का निर्माण पूरा हो पाया। इससे 300 किलोमीटर की दूरी 20-22 किलोमीटर में सिमट गई। ऐसी सुविधाएं किसान, व्यापारी, उद्योग जगत विद्यार्थियों और सबकी मदद करती है। विकास को रफ्तार देती है। बिहार के लोगों को ऐसे ही विकास के कामों को वोट करना है।
चुनाव बिहार में हो रहा है और रैली भी बिहार में ही थी। लेकिन, मोदी ने मुद्दा कश्मीर का उठाया था। मोदी ने पिछली रैली में कहा था, “ये लोग (विपक्ष) कह रहे हैं कि सत्ता में आए तो आर्टिकल 370 फिर लागू कर देंगे। इतना सब कहकर ये बिहार के लोगों से वोट मांगने की हिम्मत कर रहे हैं। क्या ये बिहार के लोगों का अपमान नहीं है। ये लोग जिसकी चाहे मदद ले लें, देश अपने फैसलों से पीछे नहीं हटेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!