ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डोनेट किया प्लाज्मा

नई दिल्ली(लाइवभारत24)। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7 लाख 71 हजार 833 हो गई है। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। उधर, भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को प्लाज्मा डोनेट किया। उन्होंने कहा कि देशवासियों की जान की सुरक्षा करना सभी का दायित्व है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने दावा किया है कि देश में कोरोनावायरस का अभी कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘आज हमारी चर्चा के दौरान, विशेषज्ञों ने फिर से कहा है कि भारत में कोई कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है। कुछ खास इलाके हैं जहां ट्रांसमिशन है, लेकिन एक देश के रूप में कोई कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है। आज हमारा रिकवरी रेट 62.08% है। हमारी मृत्यु दर दुनिया में सबसे कम 2.75% है। हमारा डबलिंग रेट भी 21.8 दिन है।’
केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सभी ऐतिहासिक धरोहरों को खोलने का आदेश दे दिया गया है। 6 जुलाई से ही खुल गए हैं। हालांकि सभी को स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन फॉलो करना अनिवार्य है। कंटेनमेंट जोन में पड़ने वाले धरोहरों को खोलने का फैसला राज्य सरकारों को करना है। अगर वह बंद रखना चाहते हैं तो बंद रख सकते हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सितंबर से विश्वविद्यालयों में परीक्षा कराने के आदेश को गलत ठहराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले को वापस लेना चाहिए। अभी परीक्षा कराने के लिए हालात सही नहीं है। छात्रों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को देखते हुए केंद्र सरकार को यह फैसला वापस लेना चाहिए।
देश के 5 राज्यों बडे का हाल
उत्तरप्रदेश: राज्य में अब तक 10 लाख 40 हजार 280 टेस्ट किए जा चुके हैं। इस बीच, बुधवार को 1188 केस सामने आए। बुलंदनगर में 23, कासगंज में 7, सुल्तानपुर में 2, जालौन में 2, कौशांबी में 7, मेरठ में 40 मरीज मिले। बाराबंकी में 20 पुलिसकर्मी समेत 21 मरीज मिले। उधर, उन्नाव जिले में 10 से 12 जुलाई तक सभी बाजार बंद करने का फैसला किया है।

मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने गुरुवार को कोविड-19 की समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने बताया कि राज्य के सीमावर्ती जिलों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। पहले संक्रमण बढ़ने की दर राज्य में 1.72% थी। अब 2.01% हो गई है। उधर, भोपाल जिले में दोपहर तक 59 मामले मिले। इसके साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 3337 हो गई है।

महाराष्ट्र: सरकार ने गुरुवार से पूरे राज्य में दुकान खोलने के समय को 2 घंटे बढ़ा दिया है। पहले सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खोलने का समय तय किया गया था। औरंगाबाद में 2 दिन में दो पार्षदों की मौत हो गई। इससे पहले महाराष्ट्र में बुधवार सुबह से लॉज और होटल खुल गए। सरकार ने 33% स्टाफ के साथ खोलने की मंजूरी दी है। वहीं, इनमें ठहरने वालों के लिए गाइडलाइंस तय की गई हैं। हालांकि, अभी रेस्टारेंट पर पाबंदी जारी रहेगी।

बिहार: स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में गुरुवार दोपहर तक 704 मामले सामने आए। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 13 हजार 978 हो गई है। उधर, पटना जिले में 10 दिन में केस दोगुने हो गए हैं। 20 जून को 699 संक्रमित थे। वहीं, सात जुलाई को बढ़कर 1349 हो गए।

राजस्थान: राजस्थान में गुरुवार को 149 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। नागौर में 29, जयपुर में 25, अलवर में 21, अजमेर में 20, भरतपुर में 16, बीकानेर में 13, दौसा में 11, झुंझुनू में 8, बारां में 3, कोटा में 2 और टोंक में 1 संक्रमित मिला। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 22 हजार 212 पर पहुंच गया। वहीं, पाली में 3, जोधपुर में 2, नागौर और उदयपुर में 1-1 मरीज ने दम तोड़ दिया।

One thought on “ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डोनेट किया प्लाज्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!