शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने 5 आतंकियों को मार गिराया

शोपियां (लाइवभारत24)। जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन भी एनकाउंटर जारी है। यहां एक मस्जिद में छिपे 5 आतंकियों को सुरक्षाबलों ने अब तक मार गिराया है। अब आस-पास के पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन जारी हो गया है। पुलिस ने पहले आतंकियों को सरेंडर करने के लिए कहा था। उन्हें समझाने के लिए स्थानीय इमाम और एक आतंकी के भाई को मस्जिद के अंदर भेजा गया था, लेकिन आतंकी नहीं माने। कई घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षाबलों ने 5 आतंकियों को ढेर कर दिया। जम्मू कश्मीर पुलिस के IG ने बताया कि आतंकियों की तरफ से लगातार फायरिंग की जा रही थी, लेकिन हम चाहते हैं कि मस्जिद को कोई नुकसान न पहुंचे। इसलिए काफी देर तक एनकाउंटर रूका भी रहा, लेकिन जब आतंकी नहीं माने तो ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिया गया। गोलीबारी में सुरक्षाबलों के तीन जवान भी घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके पहले गुरुवार को ही शोपियां के जनमोहल्ला इलाके में एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को ढेर कर दिया था। इसके अलावा बुधवार को दोपहर में करीब तीन बजे भी शोपियां शहर के इमाम साहिब में आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी की थी। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। गोलीबारी के बाद मची अफरातफरी का फायदा उठाते हुए हमलावर भाग निकले थे।

जवानों ने 27 मार्च को भी वनगाम में हुए एनकांउटर में 2 आतंकी ढेर किए थे। इससे पहले भी मनिहाल में 22 मार्च को हुई कार्रवाई में जवानों ने 4 आतंकियों को मार गिराया था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू एयरपोर्ट से गुरुवार को आतंकी शाहिद नवीद को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार वह पुंछ का निवासी है और जम्मू-कश्मीर गजनवी बल आतंकी संगठन का हिस्सा है।

पांच अप्रैल को भी बड़े ऑपरेशन में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ जम्मू एंड कश्मीर (ISJK) के आतंकी को गिरफ्तार किया था। उसके पास से एक पिस्तौल, 8 कारतूस और एक लाख 13 हजार रुपए की नगदी भी मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!