जो मुझसे नाखुश हैं, मेरी खामियां देखते हैं, वो भी खुश रहें, उनको भी प्यार और दुआएं: धर्मेंद्र

मुंबई (लाइवभारत24)। मायानगरी के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया और बताया कि अब वे उन्हें फॉलो करने वाले यूजर्स का नाम तक जानने लगे हैं। वीडियो में 85 साल के धर्मेंद्र इमोशनल होते हुए कह रहे हैं, “मैं आप सबके नाम तक अब जानने लगा हूं। दुनिया के कौनसे कौने से, किस नाम से प्यार भरे पैगाम आते हैं। मैं जुड़ गया हूं आपसे। आप फैमिली हैं मेरी। धर्मेंद्र ने आगे अपने हेटर्स को जवाब देते हुए कहा है, “सब खुश रहें। जो मुझसे नाखुश हैं, वो भी खुश रहें। जो मेरी खामियां देखते हैं, वो भी खुश रहें। उनको भी बहुत प्यार, बहुत सी दुआएं। मैं जुड़ा रहूंगा आपके साथ। अब आदत हो गई है आपकी। आप सब बहुत प्यारे हैं। जिंदगी का मतलब ही खुशी से जीना हैं। खुशी से जियो, जोश से रहो। करने वाला वो (भगवान) है। है न, तो उसके सहारे जिएंगे। लव यू।”

इससे पहले सोमवार को धर्मेंद्र ने एक बयान में अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अपने 2’ के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था, “अपने मेरी जिंदगी की सबसे अच्छी फिल्मों में से एक है। पूरी यूनिट का साझा प्रयास। आप सबसे बहुत प्यार मिला। अब मैं बहुत खुश हूं, क्योंकि पूरी फैमिली मेरे बेटे सनी, बॉबी और पोते करण के साथ ‘अपने 2’ की शूटिंग करूंगा। यह बहुत खास फिल्म होगी और मैं शूट के लिए तैयार हूं।”
‘अपने 2’ 2007 में आई धर्मेंद्र, सनी देओल और बॉबी देओल स्टारर ‘अपने’ की सीक्वल है, जिसे अनिल शर्मा ने डायरेक्ट किया था। ‘अपने 2’ के निर्देशक भी अनिल ही हैं। धर्मेंद्र ने नवंबर 2020 में सीक्वल का एलान करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा था, “आप सबके आशीर्वाद और दुआओं से हमने ‘अपने 2’ बनाने का फैसला लिया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!