टेस्ट चैंपियनशिप के लिए टीम का चयन,6 तेज गेंदबाज, 3 स्पिनर, जडेजा-विहारी की वापसी

मुंबई(लाइवभारत24)। ICC के WTC के फाइनल के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा के नेतृत्व में सिलेक्शन कमेटी 20 प्लेयर्स की टीम चुनी है। इसमें 6 तेज गेंदबाज और 3 स्पिनर्स को मौका मिला है। टीम में रविंद्र जडेजा और हनुमा विहारी ने चोट के बाद वापसी की है, जबकि हार्दिक पंड्या और पृथ्वी शॉ को सिलेक्शन कमेटी ने नजर अंदाज किया। भारत और न्यूजीलैंड 18 जून को पहली बार हो रही टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भिड़ेंगे। यह मैच साउथैम्पटन के द एजेस बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा।

टीम इंडिया

बल्लेबाज: विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), रोहित शर्मा, शुभमन गिल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा
विकेटकीपर: ऋषभ पंत, लोकेश राहुल और ऋद्धिमान साहा (राहुल-साहा को फिटनेस टेस्ट क्लियर करना होगा)
स्पिन ऑलराउंडर: हनुमा विहारी, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर
तेज गेंदबाज: जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा, मोहम्मद सिराज, शार्दूल ठाकुर और उमेश यादव
स्टैंडबाय प्लेयर्स:

बल्लेबाज : अभिमन्यू ईश्वरन
तेज गेंदबाज : प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान, अर्जन नागवासवाला
WTC फाइनल के साथ इंग्लैंड दौरे के लिए भी ऐलान
WTC फाइनल के बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड में अगस्त में 5 टेस्ट की सीरीज भी खेलनी है। ऐसे में फाइनल के साथ-साथ यही टीम इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भी हिस्सा लेगी। इसी वजह से BCCI बड़ा स्क्वॉड भेजना चाह रहा था, ताकि प्रैक्टिस मैच के अभाव में खिलाड़ी आपस में ही प्रैक्टिस कर सकें। सिलेक्शन कमेटी ने हाल ही में BCCI को 35 संभावित खिलाड़ियों के नाम सौंपी थी। बोर्ड भी अब स्क्वॉड लिस्ट के मुताबिक लॉजिस्टिक और ट्रैवल अरेंजमेंट करने में जुट गया है। विराट की टीम को चार्टर्ड फ्लाइट से इंग्लैंड रवाना किया जाएगा। 18 जून से 22 जून तक WTC फाइनल के बाद टीम एक महीने वहीं रहकर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की प्रैक्टिस करेगी। 4 अगस्त से 5 मैच की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।

 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप?
टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए आईसीसी ने चैंपियनशिप की शुरुआत की। इसकी शुरुआत 1 अगस्त 2019 से हुई, इसके तहत हर टीम को 6 टेस्ट सीरीज खेलनी थीं। सभी टीमों को 3 सीरीज अपने घर में जबकि 3 घर से बाहर खेलनी थी। अंत में टॉप पर रहने वाली 2 टीमों के बीच साउथैम्पटन में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

अंक तालिका में पहले नंबर पर भारत
दुनिया की लगभग सभी दिग्गज टीमों को शिकस्त देते हुए और शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारत और न्यूजीलैंड ने फाइनल में जगह बनाई। टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भारत 72.2% अंकों के साथ शीर्ष पर रहा। दूसरे स्थान पर 70% अंकों के साथ न्यूजीलैंड रहा जबकि तीसरे स्थान पर 69.2% अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया और चौथे पायदान पर 61.4% अंकों के साथ इंग्लैंड की टीम रही।
भारतीय मेन्स टीम के साथ-साथ वुमन्स टीम भी इंग्लैंड का दौरा करेगी। वुमन्स टीम इंग्लैंड में 16 जून से 15 जुलाई के बीच 1 टेस्ट, 3 वनडे और 3 टी-20 खेलेगी। ऐसे में BCCI खुद से इंग्लैंड में बायो सिक्योर बबल तैयार करने में जुट गया है। BCCI फिलहाल UK गवर्नमेंट से 14 दिन के सख्त क्वारैंटाइन नियमों में छूट देने की मांग कर रहा है। BCCI चाहता है कि 14 दिन की जगह 7 दिन का सख्त क्वारैंटाइन हो। ऐसा इसलिए क्योंकि UK जाने से पहले BCCI भारत में ही कुछ दिनों तक खिलाड़ियों को क्वारैंटाइन रखना चाहता है। इसके बाद बोर्ड चार्टर्ड फ्लाइट में खिलाड़ियों को UK भेजेगा। BCCI का मानना है कि टीम इंडिया के प्लेयर्स पिछले 9 महीने से लगातार बायो बबल में हैं। ऐसे में उनको भी थोड़ी राहत दी जानी चाहिए। अगर WTC फाइनल और इंग्लैंड दौरे के बाद सितंबर में IPL होता है, तो खिलाड़ियों के लिए लगातार बायो बबल में रहना काफी मुश्किल होगा। अगर UK की सरकार 7 दिन के क्वारैंटाइन पर राजी होती है, तो 21 से 24 मई के बीच विराट की टीम भारत में ही क्वारैंटाइन होना शुरू कर देंगे।

फाइनल में न्यूजीलैंड टीम का पलड़ा भारी लग रहा है, क्योंकि उनकी टीम को जून में WTC फाइनल से पहले इंग्लैंड के खिलाफ 2 टेस्ट भी खेलने हैं। इससे उन्हें तैयारियों का भरपूर मौका मिलेगा। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन समेत ज्यादातर खिलाड़ी फिलहाल भारत में हैं और वे 17 मई के बाद इंग्लैंड रवाना होंगे। न्यूजीलैंड टीम ने 2 जून से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के लिए 20 प्लेयर्स का स्क्वॉड बनाया है। इसमें से 15 खिलाड़ी टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए चुने जाएंगे।

कोरोना की वजह से हाल ही में कैंसिल हुए IPL के 14वें सीजन का WTC फाइनल पर कोई असर नहीं पड़ेगा और यह तय समय पर होगा।

One thought on “टेस्ट चैंपियनशिप के लिए टीम का चयन,6 तेज गेंदबाज, 3 स्पिनर, जडेजा-विहारी की वापसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!