कोवीशील्ड वैक्सीन को लेकर मोदी सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन

अब 4 हफ्ते के बजाय 8 हफ्ते बाद लगेगी दूसरी डोज

नई दिल्ली (लाइवभारत24)।  मोदी सरकार ने एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड के पहले और दूसरे डोज के बीच के अंतर को बढ़ाने का फैसला लिया गया है। केंद्र के निर्देश के मुताबिक, कोवीशील्ड के दोनों डोज के बीच अब कम से कम 6 से 8 हफ्ते का अंतर होना चाहिए। फिलहाल दोनों के बीच का अंतर 28 दिन है। केंद्र ने स्पष्ट किया कि यह फैसला कोवैक्सिन पर लागू नहीं होगा।
केंद्र सरकार के मुताबिक, नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्यूनाइजेशन (NTAGI) और वैक्सीनेशन एक्सपर्ट ग्रुप की ताजा रिसर्च के बाद यह फैसला लिया जा रहा है, जिसका अमल राज्य सरकारों को करना होगा। दावा किया गया है कि अगर वैक्सीन का दूसरा डोज 6 से 8 हफ्ते के बीच दिया जाता है, तो यह ज्यादा असरदार साबित होगी।
देश में पिछले हफ्ते कोरोना के केस में इससे पहले वाले हफ्ते की तुलना में 67% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह इस महामारी की शुरुआत से अब तक हर हफ्ते होने वाली बढ़ोतरी में सबसे ज्यादा है। 15 से 21 मार्च के बीच देश में 2 लाख 60 हजार 561 मामले सामने आए। इससे पहले 8 से 14 मार्च के बीच 1 लाख 55 हजार 887 मरीजों की पहचान हुई थी। यानी इन दो हफ्तों में नए केस का अंतर 1 लाख 4 हजार 674 रहा।

इससे पहले पिछले साल जुलाई के आखिरी दो हफ्तों में आए नए केस का अंतर 34% रहा था, जो उस समय सबसे ज्यादा था। 20-26 जुलाई के बीच 3 लाख 17 हजार 712 केस आए थे। इससे पहले 13 से 19 जुलाई के बीच 2 लाख 38 हजार 640 मामले रिकॉर्ड किए गए थे। इन दो हफ्तों में करीब 80 हजार केस बढ़े थे।

देश में रोजाना नए केसों के साथ ही एक्टिव केसों (इलाज करा रहे मरीज) का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। बीते 38 दिनों में एक्टिव केस में करीब 2 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 11 फरवरी को देश में 1.33 लाख एक्टिव केस थे, जो रविवार को बढ़कर 3.31 लाख हो गए। बीते दिन इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 25,578 का इजाफा हुआ। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 10 सितंबर को 24,610 एक्टिव केस बढ़े थे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने लिखा, ‘मेरी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं ठीक हूं और मुझे कोई परेशानी नहीं है। डॉक्टर्स की निगरानी में मैंने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है। मेरे संपर्क में आने वाले लोग सावधानी बरतें और अपनी जांच करवाएं।
गुजरात सरकार ने प्रदेश में सशर्त होली-धुलेटी मनाने की मंजूरी दी है। इस दौरान सीमित संख्या में ही लोग होलिका दहन में शामिल हो पाएंगे। हालांकि, धुलेटी के दिन एक-दूसरे को रंग लगाने, भीड़ में होली खेलने पर प्रतिबंध रहेगा। उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल ने इसकी जानकारी दी। बीते 24 घंटे में 47,009 संक्रमित मिले। 21,206 ठीक हो गए, जबकि 213 की मौत हो गई। इस तरह एक दिन में ही एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 28,653 बढ़ गई। अकेले महाराष्ट्र में ही 30,535 संक्रमित मिले, जो राज्य में कोरोना के दौर में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

देश में अब तक 1.16 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.11 करोड़ ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.60 लाख ने जान गंवाई है। अब 3 लाख 31 हजार 671 मरीजों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!