नई दिल्ली(लाइवभारत24)।  मंगलवार को केंद्र सरकार ने बताया कि देश 3 राज्यों में कोरोना के 2 नए वैरिएंट सामने आए हैं। महाराष्ट्र, केरल और तेलंगाना में कोरोना के दो म्यूटेटेड वैरिएंट N440K और E484K मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने बताया कि देश में इन दिनों कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी वायरस के इन्हीं स्वरूपों की वजह से हो रही है, इसके कोई सबूत नहीं मिले हैं।
हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, देश में साउथ अफ्रीकी स्ट्रेन के दो और केस सामने आए हैं। यहां अब तक 6 लोग इस स्ट्रेन से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, UK वैरिएंट के अब तक 187 मामले सामने आ चुके हैं। एक व्यक्ति में ब्राजील वाले स्ट्रेन की भी पुष्टि हुई है।
महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में लगातार तेजी आ रही है। पिछले 7 दिन (16-22 फरवरी तक) के अंदर यहां 34 हजार 788 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके पहले 9 से 15 फरवरी के बीच ये आंकड़ा 18 हजार 841 था। साफ है कि इस हफ्ते कोरोना के मामले लगभग दोगुने हो गए हैं। राज्य में लोग कोरोना नियमों को ताक पर रखकर बाहर घूमते नजर आ रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें राज्य के मंत्री संजय राठौड़ कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए वाशिम जिले के एक मंदिर पहुंचे। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थक भी थे। ज्यादातर लोग बगैर मास्क के थे। वीडियो वायरल होने के बाद महाराष्ट्र सरकार भाजपा के निशाने पर आ गई है। भाजपा ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। इसमें BMC और प्रदेश के प्रशासनिक अफसर मौजूद रहेंगे। कोरोना के रोकथाम के लिए इस मीटिंग में मुख्यमंत्री कुछ बड़े फैसले ले सकते हैं।
इधर, देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच हालात की समीक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बैठक बुलाई। बैठक में कोरोना के म्यूटेड स्ट्रेन को लेकर भी चर्चा की गई। इसमें कहा गया कि देश और विदेश में पैदा हुए कोरोना के नए स्ट्रेन ज्यादा तेजी से संक्रमण फैला सकते हैं। ये स्ट्रेन देश में बढ़ते संक्रमण के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं।
देश में कोरोना का संकट फिर से गहराता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 13 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे रहे, जहां रिकवरी से ज्यादा नए मरीजों की पहचान हुई। इनमें भी 4 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर ने दस्तक दे दी है। इनमें महाराष्ट्र, पंजाब, जम्मू कश्मीर और चंडीगढ़ शामिल हैं। महाराष्ट्र में पिछले 10 दिन, पंजाब में 12, चंडीगढ़ में 10 और जम्मू कश्मीर में 7 दिन से लगातार एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। केरल में हालात अब काबू में आने लगे हैं। यहां सोमवार को एक्टिव मरीजों की संख्या पहले से कम 2841 रही।
लगातार 5 दिनों तक एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद सोमवार को आंकड़ों ने कुछ राहत दी। ओवरऑल नए केस से ज्यादा संख्या ठीक होने वालों की रही। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार को 10 हजार 493 लोग संक्रमित मिले, जबकि 13 हजार 230 लोग रिकवर हुए। 76 मरीजों ने दम तोड़ दिया। इस तरह से 2817 एक्टिव केस की संख्या घट गई। अब तक 1.10 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं, इनमें 1.07 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 56 हजार 498 मरीजों ने अब तक जान गंवा दी। 1 लाख 44 हजार 332 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए सख्त निर्देश जारी किए है। इसके मुताबिक, राज्य में 1 मार्च से इनडोर फंक्शन्स के दौरान 100 और आउटडोर में 200 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। इसके साथ ही एक दिन में कोरोना की टेस्टिंग बढ़ाकर 30 हजार तक करने का फैसला किया गया है।
महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि कोरोनिल को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने सवाल उठाए हैं। ऐसे में बिना उचित प्रमाणीकरण के कोरोनिल को महाराष्ट्र में बिक्री की इजाजत नहीं दी जाएगी।
ITBP के डायरेक्टर जनरल ने बताया कि दिल्ली के छतरपुर में बनाए गए सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर एंड हॉस्पिटल को एक हफ्ते के अंदर बंद कर दिया जाएगा। अभी जिनका इलाज चल रहा है, उनके ठीक होते ही इसे बंउ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अब यहां किसी नए मरीज को भर्ती नहीं किया जाएगा।
उत्तराखंड सरकार ने महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से उत्तराखंड पहुंचने वालों का कोरोना टेस्ट कराने का फैसला लिया है। राज्य के सभी रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर इसके लिए स्पेशल इंतजाम किए गए हैं। सरकार ने कहा कि इस नियम का सभी को पालन करना होगा
महाराष्ट्र में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके बाद सरकार ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (NCP) के पूर्व सांसद धनंजय महाडिक और दो अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। महाडिक के बेटे की शादी के दौरान कोरोना नियम तोड़े गए थे। इस शादी में NCP चीफ शरद पवार, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, हरियाणा के डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला समेत कई बड़े नेता पहुंचे थे। कई नेताओं ने मास्क भी नहीं पहना था।
नागपुर में 7 मार्च तक सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग इंस्टीट्यूट्स बंद रहेंगे। मेन मार्केट भी वीकेंड पर बंद रहेगा। होटल्स, रेस्टोरेंट्स को 50% की क्षमता के साथ चलाने का आदेश दिया गया है। शादीघर 25 फरवरी के बाद से 7 मार्च तक बंद रहेंगे।
कर्नाटक में मैरिज हॉल में भीड़ पर नजर रखने के लिए मार्शल तैनात होंगे। मैरिज हॉल में कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के लिए यह फैसला लिया गया है। राज्य में फेस्क मास्क अनिवार्य रहेगा और 500 से ज्यादा लोगों के जमावड़े पर प्रतिबंध रहेगा।
देश में वैक्सीनेशन ड्राइव भी तेज हो गई है। अब तक 1 करोड़ 14 लाख से ज्यादा हेल्थ केयर और फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें 75 लाख 40 हजार 602 हेल्थ केयर वर्कर्स और 38 लाख 83 हजार 492 फ्रंट लाइन वर्कर्स शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि वैक्सीनेशन के बाद अब तक 46 लोगों को गंभीर साइड इफेक्ट्स की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इनमें 26 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और एक का इलाज चल रहा है। 19 लोग ऐसे भी रहे जिनकी मौत हो गई। हालांकि, इनकी मौत का कारण अलग-अलग रहा है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें