भारत में संक्रमितों की संख्या 18 लाख के पार, भाजपा के दिग्गज कोरोना की चपेट में

लखनऊ /नई दिल्ली(लाइव भारत 24)। भारत में कोरोना मरीजों की संख्या रविवार को 18 लाख के पार हो गया। लगातार 6वीं बार एक लाख केस केवल दो दिन में सामने आए। अब तक देश में 18 लाख 04 हजार 258 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 11 लाख 81 हजार 471 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 5 लाख 78 हजार 171 लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें से करीब 9 हजार मरीजों की हालत गंभीर है। अब तक 38 हजार 158 लोगों की मौत हो चुकी है।गंभीर मरीजों के मामले में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है। 18,720 क्रिटिकल मरीजों के साथ अमेरिका पहले नंबर पर और 8,318 मरीजों के साथ ब्राजील तीसरे नंबर पर है।हालांकि, इन्हीं आंकड़ों को प्रतिशत में देखें तो भारत में सबसे ज्यादा 1.57% मरीजों की हालत गंभीर है। आसान भाषा में समझें तो भारत में अभी जिन मरीजों का इलाज चल रहा है, उनमें से हर 200 संक्रमितों में से 3 की हालत गंभीर है। अमेरिका में 200 मरीजों पर लगभग 2 मरीज और ब्राजील में 1 संक्रमित की हालत नाजुक है रविवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 9,509 नए मरीज मिले। आंध्र प्रदेश में 8,555 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तमिलनाडु में 5,875 नए मरीज बढ़े।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कोरोना से संक्रमित

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। संक्रमित होने की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी। कोरोना के हालत पर शाह लगातार निगरानी कर रहे हैं। बीते दिनों दिल्ली में जब मामले तेजी से बढ़ने लगे तब भी उन्होंने कई दौर की बैठकें कीं और इस पर ठोस रणनीति तैयार की। इससे हालात काबू में आए। लॉकडाउन और अनलॉक गाइडलाइंस तैयार करवाने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही है।

यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, जल मंत्री महेंद्र सिंह भी कोरोना पॉजिटिव

जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। महेंद्र सिंह को पीजीआई अस्पताल लखनऊ में भर्ती किया गया है। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने खुद ट्वीट कर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुझे कोरोना के शुरुआती लक्षण दिख रहे थे जिसके चलते मैंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई। जांच में मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुझसे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से मेरा निवेदन है कि वह गाइडलाइन के अनुसार स्वयं को क्वारैंटाइन कर लें और आवश्यकता अनुसार अपनी जांच करा लें। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कमल रानी की रविवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। 18 जुलाई को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। तब से ही लखनऊ पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था। वे घाटमपुर, कानपुर नगर से विधायक थीं। इससे पहले वे 2 बार सांसद भी रही थीं। उनकी मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अयोध्या दौरा रद्द कर दिया है।

One thought on “भारत में संक्रमितों की संख्या 18 लाख के पार, भाजपा के दिग्गज कोरोना की चपेट में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!