राजीव हत्याकांड की दोषी नलिनी ने किया आत्महत्या का प्रयास

नई दिल्ली(लाइवभारत24)। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की दोषी नलिनी श्रीहरन ने सोमवार रात खुदकुशी की कोशिश की। उसके वकील पी पुगाझेंडी के मुताबिक नलिनी चाहती है कि उसकी सेल में बंद दूसरी कैदी को कहीं और शिफ्ट किया जाए, क्योंकि दोनों के बीच झगड़ा है। इस मुद्दे पर बीती रात नलिनी की जेलर से बहस हो गई। उसके बाद नलिनी ने जान देने की कोशिश की, लेकिन जेल स्टाफ ने उसे रोक लिया।
नलिनी तमिलनाडु की वेल्लोर जेल में उम्रकैद की सजा काट रही है। वह 1991 से यानी 29 साल से जेल में है। उसकी बेटी का जन्म भी जेल में ही हुआ था। उसके साथ ही राजीव गांधी हत्याकांड के 6 अन्य दोषी भी सजा काट रहे हैं। उनमें नलिनी का पति मुरुगन भी शामिल है।
तमिलनाडु के श्रीपेरमबुदूर में एक चुनावी रैली के दौरान 21 मई 1991 में लिट्टे के आत्मघाती हमले में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या हुई थी। इस मामले में नलिनी को मौत की सजा सुनाई गई थी, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने 24 अप्रैल 2000 को उसकी सजा उम्रकैद में बदल दी। नलिनी अभी तमिलनाडु की वेल्लोर जेल में उम्रकैद की सजा काट रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!