— बीते 24 घंटे में 20,512 केस मिले, दिल्ली में 17 हजार से ज्यादा मामले

नई दिल्ली, (लाइव भारत 24)। कोरोना को लेकर उत्तर प्रदेश में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। महाराष्ट्र की तरह यूपी में भी कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। उत्तर प्रदेश में बुधवार को कोरोना के नए मरीजों के सभी रिकॉर्ड टूट गए। यहां पहली बार 24 घंटे में 20 हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं। यह संख्या 20,512 है। यूपी में 7 अप्रैल को 6002 केस मिले थे। 8 मार्च को यह संख्या महज 101 थी। इसके बाद अचानक कोरोना का विस्फोट हुआ। अभी महाराष्ट्र इकलौता राज्य था, जहां 20 हजार से ज्यादा मरीज रोज निकल रहे हैं।

एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (हेल्थ) अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बुधवार को 4,517 मरीज रिकवर हुए हैं। इस दौरान 67 मौतें भी हुई हैं। प्रदेश में अब कुल केस साढ़े 7 लाख के पास पहुंच गए हैं। 9,376 लोग संक्रमण से जान गंवा चुके हैं। राज्य में 1.11 लाख एक्टिव केस हैं। यहां 83 लाख से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं। दिल्ली में भी एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा 17,282 केस सामने आए हैं। यहां 104 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

बेड और वेंटिलेटर की कमी
यूपी के अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर का संकट सामने आने लगा है। पूरे राज्य में रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुजरात के अहमदाबाद से रेमडेसिविर इंजेक्शन के 25 हजार डोज मंगवाने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से इंजेक्शन की सप्लाई कराने का आदेश दिया है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संक्रमित पाए गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के कई अफसर और कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था। 5 अप्रैल को ही उन्होंने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली थी। योगी पश्चिम बंगाल चुनाव में लगातार चुनावी सभाएं कर रहे थे। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी संक्रमित हो गए हैं।

कोविड सेंटर में बदले जाएंगे दिल्ली के होटल्स
दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने फिर से होटल्स और हॉल में कोविड केयर सेंटर बनाने का फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र चौहान ने कहा कि फिलहाल बेड और वेंटिलेटर की कोई कमी नहीं है, लेकिन बढ़ते मामलों को देखते हुए पहले से तैयारी की जा रही है।

देश में पिछले 24 घंटे में 1.74 लाख से ज्यादा मरीज मिले
देश में बुधवार को 1.74 लाख से ज्यादा नए मरीज मिले। 84,215 ठीक हुए और 809 की मौत हो गई। नए मरीजों का आंकड़ा हर दिन नई ऊंचाई पर पहुंच ही रहा है। एक्टिव केस भी तेजी से बढ़ रहे हैं। मंगलवार को पहली बार एक्टिव केस में एक लाख से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। मौत का आंकड़ा भी इस साल पहली बार 1,000 के पार चला गया। पिछले साल महामारी की पहली लहर में सबसे ज्यादा 1,281 मौतें 15 सितंबर को हुई थीं।

कोरोना अपडेट्स

हेल्थ मिनिस्ट्री की रिपोर्ट के मुताबिक, देशव्यापी टीका उत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को करीब 40 लाख लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। इस तरह अब तक कुल 11.43 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। इससे पहले सोमवार को 37 लाख 63 हजार 858 लोगों को टीके की खुराक दी गई थी।
राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से CBSE की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देशभर में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसी स्थिति में परीक्षा कराना खतरे से खाली नहीं है।
देश में कोरोना की दूसरी लहर का असर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। सूत्रों की मानें तो सुप्रीम कोर्ट के स्‍टाफ के कई मेंबर्स कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में एहतियात के तौर पर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सभी सुनवाई अब वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के जरिए होगी। सभी जज इस दौरान अपने आवास से ही काम करेंगे। इस दौरान कोर्ट की अलग-अलग बेंच तय समय से एक घंटा देरी से बैठेंगी और सुनवाई करेंगी।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.74 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौत: 809
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 84,215
भारत में अब तक कोरोना से संक्रमित हो चुके: 1.40 करोड़
भारत में अब तक ठीक हुए: 1.24 करोड़
भारत में अब तक कोरोना मरीजों की मौत: 1.72 लाख
भारत में अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 14.50 लाख

1 कमेंट

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें