खुशी का पल ! 41 साल बाद भारत ने हॉकी में जीता मेडल, मोदी ने टीम इंडिया को दी बधाई

टोक्यो ओलिंपिक में जर्मनी को 5-4 से हराकर ब्रॉन्ज अपने नाम किया

टोक्यो (लाइवभारत24)। आज भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम ने 41 साल के सूखे को खत्म करते हुए भारत को हॉकी में ब्रॉन्ज मेडल दिलाया है। ओलिंपिक में भारत की हॉकी टीम को आखिरी पदक 1980 में मॉस्को में मिला था, जब वासुदेवन भास्करन की कप्तानी में टीम ने गोल्ड जीता था। टीम इंडिया ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में जर्मनी को 5-4 से हरा दिया।

दूसरे क्वार्टर में 3-1 से पिछड़ने के भारत ने जबरदस्त वापसी की और लगातार 4 गोल दागे। भारत के लिए सिमरनजीत सिंह ने 17वें और 34वें, हार्दिक सिंह ने 27वें, हरमनप्रीत सिंह ने 29वें और रुपिंदर पाल सिंह ने 31वें मिनट में गोल किया। हालांकि चौथे क्वार्टर में जर्मनी ने एक और गोल दागा और स्कोर 5-4 कर दिया था। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने जर्मनी को कोई मौका नहीं दिया।
जीत के बाद कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा- मुझे लगता है कि इस ओलिंपिक में खिलाड़ियों ने बहुत मेहनत की है और वे मेडल डिजर्व करते हैं। खुशी जाहिर करने के लिए शब्द नहीं हैं मेरे पास। हमारे गोलकपीर श्रीजेश ने कहा था कि जर्मनी का मैच प्रेशर वाला मैच है।

मनप्रीत ने कहा कि श्रीजेश ने हमें एन्जॉय करने और नेचुरल गेम खेलने कहा था। अगर मेडल और प्रेशर के बारे में ज्यादा सोचेंगे तो परफॉर्म नहीं कर पाएंगे। हमें अपना बेस्ट देना था और हमने यही किया। शुरुआत से लेकर आखिर तक हम लोगों ने हार नहीं मानी। प्रेशर को एन्जॉय किया।
भारतीय कोच ग्राहम रीड ने कहा- आखिरी मैच में दबाव और तनाव था, लेकिन हम संतुलित थे। सबकुछ बहुत अच्छा गया। गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कहा कि डेढ़ साल तक हार्डवर्क किया है। हमारा सिर्फ यही लक्ष्य था कि जीतना है। अब डेढ़ साल की मेहनत रंग लाई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ये एक ऐतिहासिक दिन है। ये दिन हर भारतीय के जेहन में हमेशा मौजूद रहेगा। टीम इंडिया को ब्रॉन्ज घर लाने के लिए बधाई। उन्होंने हमारे देश के युवाओं को नई उम्मीद दी है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।

One thought on “खुशी का पल ! 41 साल बाद भारत ने हॉकी में जीता मेडल, मोदी ने टीम इंडिया को दी बधाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!