यूपी के 40 जिलों में 20 घंटे से लगातार भारी बारिश जारी, 16 की मौत

लखनऊ (लाइवभारत24)। प्रदेश के 40 जिलों में 20 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। कई जिलों में तो लगातार दो दिन यानी 48 घंटे से बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश में अब तक बारिश से जुड़े हादसों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी लखनऊ का हाल भी बेहाल है। यहां एयरपोर्ट के रन-वे तक में पानी भर गया है। इससे कई उड़ान प्रभावित हुई हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिम बंगाल के चक्रवात तूफान के असर के कारण UP में भारी बारिश हो रही है।

लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, अयोध्या, जौनपुर, सुल्तानपुर, भदोही, गाजीपुर, चित्रकूट, बहराइच, बांदा, देवरिया, इटावा, फतेहपुर समेत कई जिलों में सुबह से भारी बारिश हो रही है। तेज हवाओं के साथ बिजली भी चमक रही है। इन शहरों में कई इलाकों में सड़क से लेकर घरों तक में पानी भर गया है।
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के अंदर औसत अनुमान से 5 गुना ज्यादा बारिश हुई है। राज्य में 33.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है, जो औसत अनुमान 7.6 मिमी से करीब 5 गुना ज्यादा है। लखनऊ में पिछले 9 घंटे में 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार रात 12 बजे से लेकर सुबह 9 बजे तक लखनऊ में 109.2 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई है।

जौनपुर में कच्चा मकान गिरने से तीन लोगों की जान चली गई है। फतेहपुर जिले में बारिश के चलते तीन मासूमों सहित पांच लोगों को मौत हुई है। कौशांबी में 2 और अमेठी में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की जान गई है। सीतापुर और चित्रकूट में एक-एक की मौत हुई है। बरेली में भी एक चार साल के बच्चे की मौत हुई है। इसी तरह बलिया में बारिश के चलते 2 बच्चों की तालाब में डूब कर मौत हुई है।

लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर जैसे बड़े शहरों बारिश के चलते सड़कों और कालोनियों में जलभराव की स्थिति हो गई है। प्रयागराज में आज जिलाधिकारी ने रेनी डे घोषित कर दिया। सारे स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। लखनऊ में पुलिस ने लोगों को घर में रहने की सलाह दी है। CM योगी ने आज के अपने दौरे कैंसिल कर दिए हैं।
शनिवार 18 सितंबर तक मौसम के ऐसे ही रहने के आसार हैं। बारिश के चलते तापमान अचानक गिर गया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम ठंडा हो गया है। लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट के रनवे पर पानी भर गया है। लखनऊ-फैजाबाद हाईवे पर भी कई जगहों पर पानी जमा हो गया है।

जौनपुर के सुजानगंज के सरायखानी गांव में भारी बारिश के चलते सुबह 4 बजे के करीब कच्चा मकान ढह गया। मकान गिरने के कारण घर के 5 सदस्य इसकी चपेट में आ गए। इनमें तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो गंभीर घायल हैं। मरने वालों में पति-पत्नी और पुत्री शामिल हैं।

बलिया के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में लगातार बारिश से गड्‌ढे में भरे पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई है। इसमें एक बालक की शिनाख्त तेजस कुमार (14) पुत्र मनोज कुमार बरनवाल, जबकि दूसरे की विशाल चौहान (12) पुत्र सुरेंद्र चौहान निवासी मवेशी अस्पताल के रूप में हुई।

वहीं, रसड़ा के सवरुपुर गांव में बुधवार को रामबचन राजभर के घर की दीवार बरसात के कारण गिर गई। इससे घर में मौजूद राम अचल राजभर (55) उनकी पत्नी पुरुषोत्तम देवी ( 50) पौत्र अमनदीप साथ मलबे में दब गए। ग्रामीणों की तत्काल तीनों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने पुरुषोत्तम देवी को मृत घोषित कर दिया।
फतेहपुर में अलग-अलग घटनाओं में चार की मौत हुई है। महरहा गांव में दो दिन से हो रही बारिश से कच्चा मकान गिरने से 2 वर्षीय बच्चे की मौत, पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अमेठी के जायस कोतवाली क्षेत्र में बारिश से मकान की दीवार गिर गई। इसमें पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। कौशांबी के बिरनेर गांव में एक कच्चा मकान गिरने से वृद्धा की मौत हो गई है, जबकि बुजुर्ग पति घायल है।
बरेली में आंधी तूफान और बारिश के बीच सुभाष नगर थाना क्षेत्र में दीवार गिरने से दबे 4 साल के मासूम निहाल की मौत हो गई। बरेली के थाना इज्जत नगर के सैदपुर आखिर में आंधी तूफान के कारण मकान की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से वेद प्रकाश के पुत्र सचिन (2) की मौत हो गई है, जबकि एक लड़की की हालत गंभीर है।
मौसम विभाग ने कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर, अंबेडकर नगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, फतेहपुर, बांदा, झांसी, महोबा, हमीरपुर, जालौन, इटावा, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, संभल, अमरोहा, हापुड़ जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
87 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के हवाओं के साथ बिजली की गरज चमक के बीच लखनऊ समेत 27 जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, कासगंज, एटा, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार से ही पूरे प्रदेश में तेज हवाएं और बारिश हो रही है। कहीं भारी, तो कहीं सामान्य वर्षा रिकार्ड की गई। सबसे अधिक 45 मिमी बारिश हमीरपुर में हुई। यहां दिन के तापमान में सबसे अधिक 7.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बीती रात को गाजीपुर में न्यूनतम 22 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

तेज हवाओं व बारिश की वजह से हमीरपुर में दिन का तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 7.2 डिग्री नीचे था। बांदा में दिन के पारे में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

One thought on “यूपी के 40 जिलों में 20 घंटे से लगातार भारी बारिश जारी, 16 की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!